कासिमाबाद। कोतवाली क्षेत्र के राजापुर कला गांव में शुक्रवार की रात में कुत्ते की भौंकने की आवाज को लेकर मारपीट हुई। मारपीट में एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस की ओर से नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से उनको मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि राजापुर कला निवासी अर्पित राजभर (25) तहरीर देकर बताया कि हमारे घर पर एक पालतू कुत्ता है। रात में घर के अंदर कुत्ता भौंक रहा था। इसी बात से नाराज पड़ोसी महेंद्र बिंद, राजेंद्र बिंद, राम अवध बिंद, जितेंद्र बिंद, रंगलाल बिंद, रामचरन बिंद, संतोष बिंद, बिरजू बिंद एवं छोटेलाल बिंद गाली गलौच देते हुए मेरे घर में घुस गए। सभी लोग हाथ में लाठी-डंडे लिए थे। मेरे एवं मेरे घर की गीता देवी, कन्हैया राजभर, रंभा देवी, फेकन राजभर पर हमला कर दिया। इससे सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल कोतवाली पहुंचे। उसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। चिकित्सकों ने सभी की स्थिति गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। तहरीर के आधार पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।