अपराध गोष्ठी में कहा-गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ करे कठोर कार्रवाई: एसपी
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित सभागार में मंगलवार को सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी में एसपी ओमवीर सिंह ने विभिन्न थानों से आए कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं तथा उसके निस्तारण का निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने सभी थानों के थानाध्यक्षों के साथ अपराध पर गोष्ठी की।
इस दौरान उन्होंने गैर जनपद से लगे सीमाओं पर किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए विशेष सावधानी बरतने के लिए निर्देशित किया। साथ ही मादक पदार्थों तथा अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने के लिए निर्देशित दिया। कहा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
एसपी ने सभी को सख्त निर्देश दिया कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा न जाए। सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं की कार्यवाही पूर्ण करने के लिए आदेशित किया गया तथा यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी थाना क्षेत्र में कोई भी अपराध घटित ना होने पाए। अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस दौरान उन्होंने कहा थाने के हिस्ट्रीशीटरों पर थाने के सिपाही से लेकर थाना प्रभारी तक नजर रखें। प्रत्येक थाना प्रभारी थाने पर आए हुए फरियादियों के साथ अच्छा व्यवहार करें एवं प्राप्त प्रार्थना पत्र का निस्तारण निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कराना सुनिश्चित करें। सभी आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों को उनके बीट में भेजे एवं उनसे जानकारी प्राप्त करें। घटित घटनाओं से संबंधित अपराधियों की गिरफ्तारी में तत्परता दिखाते हुए अतिशीघ्र गिरफ्तार करें। अपराध गोष्ठी के दौरान एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण, सीओ सहित थाना प्रभारी मौजूद रहें।