संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग में कार्यरत आगनबाड़ी कार्यकर्ता को अब शासन के निर्देश पर प्रमोशन देने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में गाजीपुर की 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्य सेविका पद पर प्रोन्नत किया गया है। आईसीडीएस पोर्टल पर जनपद का विकल्प देने के लिए 26 और 27 मई को जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप कुमार पांडे ने बताया कि शासन से आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के प्रमोशन को लेकर निर्देश आया था। जिस के क्रम में 62 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का पूरा डिटेल वेरिफिकेशन करने के बाद शासन को भेजा गया था। जिसमें 15 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जो जनपद के जखनिया, रेवतीपुर ,मनिहारी, सैदपुर और बिरनो परियोजना की है काे प्राेन्नत किया गया है। उनसे जनपद विकल्प के लिए आईसीडीएस पोर्टल पर विकल्प भरने के लिए निर्देश दिया गया कि आगामी 26 और 27 मई को कार्यालय में उपस्थित होकर अपना जनपद विकल्प भरें।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का इस तरह से शासन स्तर पर प्रमोशन होने से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और उनके कार्यों में गुणवत्ता बढ़ेगी।