गाजीपुर। कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर को लेकर शासन और प्रशासन पूरी तरह से तैयारी में जुट गया है। जनपद में जहां पीडियाट्रिक (बाल रोग) वार्ड बनाया गया है। वहीँ अब कोविड-19 के लक्षण युक्त बच्चों के लिए निगरानी समिति के माध्यम से मेडिसिन किट शासन के द्वारा बांटे जाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत जनपद के चार तहसील सदर, मुहम्मदाबाद, भदौरा और सैदपुर में रविवार को इस कार्यक्रम का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों ने किया। जिला अस्पताल में विधायक डा. संगीता बलवंत, मुहम्मदाबाद में विधायक अलका राय, सैदपुर में विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल और भदौरा में विधायक प्रतिनिधि ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कोविड-19 की दूसरी लहर के दौरान बेहतर कार्य करने वाले डॉ. अभिनव चिकित्सा अधिकारी करंडा, उमाशंकर राम कोल्ड चेन प्रभारी, मनोज यादव ड्राइवर एवं डॉ. राजेश सिंह को प्रमाण पत्र देकर विधायक डॉक्टर संगीता बलवंत ने सम्मानित किया। एसीएमओ डा. डीपी सिन्हा ने बताया कि दवा वितरण के लिए बच्चों की तीन श्रेणी बनाई गई है, जिसमें शून्य से एक साल के बच्चे के लिए पैरासिटामाल ड्राप्स, मल्टीविटामिन ड्राप्स और ओआरएस दिया जाएगा। एक साल से पांच साल के बच्चों के लिए पैरासिटामाल और मल्टीविटामिन की सिरप के साथ ही ओआरएस, छह साल से 12 साल के बच्चे के लिए पैरासिटामॉल और मल्टीविटामिन के टेबलेट और ओआरएस के साथ आइवर मेक्टिन छह एमजी की दवा तीन दिनों के लिए दी जाएगी।