संचारी रोग नियंत्रण अभियान रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्घाटन नगर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कांशीराम शहरी आवास में फीता काटकर किया। इस अवसर पर संचारी रोग को नियंत्रित रखने के लिए जन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य अतिथि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि यह अभियान वर्ष में तीन बार लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से संचालित किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों से चल रहे इस अभियान के चलते संचारी रोगों से पीड़ित लोगों की मृत्यु दर में कमी आई है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जीसी मौर्य ने कहा कि यह अभियान जिले के कई विभागों के सहयोग से चलाया जा रहा है। इसमें सभी विभागों की अपनी-अपनी भूमिका है। इसके लिए आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दस्तक अभियान (10 से 24 मार्च) के तहत घर-घर जाकर दस्तक देने का अभियान चलेगा। अभियान में अंतिम व्यक्ति तक पहुंच कर समुदाय में क्षय रोग एवं अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों को खोज कर उनका इलाज कराना है। साथ ही इस दौरान जन्म और मृत्यु की भी जानकारी एकत्र कर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। नोडल अधिकारी डॉ. डीपी सिन्हा ने बताया कि अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। संचारी रोगों से बचाव के लिए घर एवं घर के बाहर स्वच्छता होना अति आवश्यक है जिससे मलेरिया एवं डेंगू जैसे खतरनाक रोगों से बचा जा सके। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) सोना सिंह के साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। संचालन एसीएमओ डॉ. केके वर्मा ने किया।