घने कोहरे का कारण गुरुवार की सुबह सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के खावपुर में जहां एक स्कूली और यात्री बस आमने-सामने भिड़ गई, वहीं बिरनो थाना क्षेत्र में विकास खंड के पास दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इन दुर्घटनाओं में छात्रों, शिक्षकों और यात्रियों सहित एक 12 लोग घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सैदपुर/देवकली संवाददाता के अनुसार नंदगंज थाना क्षेत्र के सरवरपुर स्थित एक कान्वेंट स्कूल की बस सैदपुर क्षेत्र से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान देवकली में गांगी नदी पर स्थित पुलिया से सौ मीटर पहले खावपुर गांव के सामने कोहरा की वजह से गाजीपुर की तरफ से जा रही यात्री बस से आमने-सामने टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में स्कूली बस में सवार कक्षा तीन का छात्र चितौरा निवासी अशोक यादव का पुत्र हर्ष (10), इसी कक्षा का मलहटोला गांव निवासी धर्मराज का पुत्र श्रेयांस (10), कक्षा नौ का छात्र निंदोपुर गांव निवासी महेंद्र का पुत्र विशाल (15), शिक्षक पियरी निवासी हीरालाल कुशवाहा (65) के अलावा यात्री बस में सवार रेवतीपुर के दीनानाथ (40), हरिबल्लमपुर निवासी शिवकुमारी (30), घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी एंबुलेंस कर्मियों को दी।
मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। जानकारी होते ही सीओ सर्वेश मिश्र, कोतवाल शरदचंद्र त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। कोतवाल ने बताया कि दुर्घटना में कई बच्चों को आंशिक चोटें आई हैं। सीएचसी में इलाज कराने के बाद बच्चे अपने परिजनों के साथ घर चले गए। बिरनो संवाददाता के अनुसार थाना क्षेत्र के ब्लाक के पास बिरनो-आजमगढ़ राजमार्ग पर सुबह कोहरा के कारण दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालकों सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल दानिश (27), साहन अली (36) निवासी रायपुर छतीसगढ़ एवं जमानिया निवासी जितेंद्र पाल (28) को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। टक्कर इतना जबरदस्त थाना था कि दोनों ट्रकों का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना के बाद मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। मौके पर पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मवीर सिंह ट्रकों को हटवाया। इस पर तीन घंटे बाद आवागमन सुचारु हो सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रकों में टक्कर हुई है।