भदोही कोतवाली क्षेत्र के जमुनीपुर स्थित रंग-तरंग सिनेमा हॉल के पास रविवार की सुबह कार की चपेट में आने से सेवापुर कुकरौठी निवासी गुड्डू कन्नौजिया (27) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सेवापुर कुकरौठी निवासी गुड्डू कन्नौजिया रविवार सुबह बाइक से बाल कटवाने इंदिरामिल चौराहे पर गया था। वापस लौटते समय जैसे ही रंग-तरंग सिनेमा हॉल के सामने ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर पहुंचा था कि सामने से आई तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी भदोही लेकर गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। गुड्डू ने 15 दिन पहले ही प्रेम विवाह किया था। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरे की जांच की जा रही है।