भारतीय जनता पार्टी व्यापार मंडल की ओर से रविवार को शहीद स्मारक इंटर कॉलेज परिसर स्थित राजीव सभागार में समारोह आयोजित कर संचार-रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का अभिनंदन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि तीन वर्षों में प्रधानमंत्री ने विकास की जो आधारशिला रखी है उस पर चलकर ही देश को गरीबी से मुक्ति मिलेगी। जीएसटी देश के आर्थिक सुधार में एक क्रांतिकारी कदम है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में जो वादा किया उसे पूरा करने के लिए आप लोगों का सहयोग मिला। सामान्य व्यक्तियों के उपयोग और उपभोग की वस्तुओं के दाम घटे हैं। उन्होंने कहा कि 20 लाख तक एक वर्ष में टर्न ओवर करने वाले व्यापारी कर से मुक्त रहेंगे।
20 लाख से 75 लाख तक एक वर्ष में व्यापार करने पर एक प्रतिशत कर देय होगा। कहा कि शुगर मिल छह महीने के अंदर ही चालू होगी। मुख्यमंत्री ने दो चीनी मिल चालू कराने की बात कही है। इसमें गाजीपुर की चीनी मिल भी शामिल है। नंदगंज बाजार की बदहाल रोड जो गड्ढा, कीचड़ और पानी का पर्याय बन चुकी है। उसे अनुकूल मौसम आते ही नाली के साथ साथ आरसीसी करा दिया जाएगा।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में आम के पौधे का रोपण किया। इसके बाद सभागार में मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्र गान प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सदर विधायक डा. संगीता बलवंत, पूर्व परिवहन मंत्री शारदा चौहान, नगर पालिकाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह, विजेंद्र राय, रामसेवक जायसवाल, भानू, नवीन, संतोष, रविंद्र श्रीवास्तव, शिवकुमार सिंह, फौजदार यादव, उपेंद्र सिंह, सत्यवान, गुड्डू, मनोज सिंह, छोटेलाल बिंद, उदयराज आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता त्रिभुवननाथ सिंह, संचालन संतोष राय ने किया।