मानपुर गांव के पास बंद पड़ा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का टोल प्लाजा। संवाद
भड़सर। गाजीपुर और बलिया के लोगों को ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर सफर के लिए अभी कुछ समय और इंतजार करना होगा। जंगीपुर से बलिया के हल्दी तक पहले चरण का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन सेफ्टी ऑडिट और शासन की औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ही इस हिस्से पर वाहनों का संचालन शुरू किया जाएगा। ऐसे में एक्सप्रेसवे बनकर तैयार होने के बावजूद लोगों को फिलहाल इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।
करीब 5,500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 132 किलोमीटर लंबा गाजीपुर-मांझी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे जंगीपुर से शुरू होकर बलिया होते हुए बिहार के मांझी और रिविलगंज बाईपास तक जाएगा। इसके साथ ही बक्सर को जोड़ने के लिए 17.27 किलोमीटर लंबा स्पर रोड भी बनाया जा रहा है। यह परियोजना गाजीपुर सदर, मोहम्मदाबाद, बलिया सदर और बैरिया तहसीलों से होकर गुजरेगी। परियोजना को चार चरणों में बांटकर निर्माण कराया जा रहा है। पहले पैकेज का मुख्य निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अन्य पैकेजों पर कार्य जारी है। करीमुद्दीनपुर से भरौली और बलिया पैकेज का निर्माण अक्तूबर तक पूरा होने की संभावना है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे शुरू होने से व्यापार को नई गति मिलेगी और गाजीपुर से बलिया सहित अन्य शहरों की दूरी कम समय में तय की जा सकेगी। लोगों को इसके जल्द शुरू होने का इंतजार है।-विसर्जन यादव,बाबूरायपुर।
पहले चरण का निर्माण लगभग पूरा होने के बावजूद संचालन शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा है। अब सभी की नजर शासन की मंजूरी पर टिकी है, ताकि एक्सप्रेसवे का लाभ आम लोगों को जल्द मिल सके।-श्रवण प्रजापति,अरसदपुर।
पहले पैकेज पर कुछ स्थानों पर अंतिम चरण के कार्य चल रहे हैं। इसके बाद सेफ्टी ऑडिट समेत अन्य औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। सभी कार्य पूरे होने के बाद शासन को संचालन की अनुमति के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा। शासन की स्वीकृति मिलने के बाद ही एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू किया जाएगा। पहले चरण के संचालन की तैयारी दिसंबर तक की जा रही है, हालांकि अंतिम निर्णय शासन के आदेश पर निर्भर करेगा।-पीयूष अग्रवाल,परियोजना निदेशक,एनएचएआई।