रेवसा हाइवे पर खाई में पलटे गिट्टी लदे ट्रक में लगी आग। संवाद
नंदगंज। थाना क्षेत्र के रेवसा हाईवे पर रविवार की रात गिट्टी लदा ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिससे उसमें आग लग गई। चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि हरियाणा के करसिंधु गांव निवासी ट्रक मालिक प्रवीण ने तहरीर दी है कि चालक बिहार के चौसा निवासी रामबाबू मिर्जापुर से गिट्टी लादकर बलिया जा रहा था। नंदगंज के रेवसा हाईवे के पास रात में अचानक सड़क पर छुट्टा पशु आ जाने से ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे खाई में गिर गया। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में चालक रामबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक मालिक प्रवीण की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।