औड़िहार। सैदपुर कोतवाली के स्थानीय रेलवे जंक्शन पर अनौनी गांव निवासी दादा और पोता शुक्रवार को एक साथ ट्रेन से उतरते समय प्लेटफार्म से फिसलकर ट्रेन के नीचे गिर पड़े। चेन पुलिंग से ट्रेन रोका गया। हादसे में दादा और पाता घायल हो गए, दोनों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। अनौनी गांव निवासी राजेश कुमार ने बताया कि वह अपने वृद्ध दादा शिवपूजन, बहन पूजा और उसके दो बच्चे अर्नव व यश के साथ मुरादाबाद से सुहेलदेव ट्रेन से घर लौट रहे थे। सुबह करीब 10 बजे ट्रेन औड़िहार रेलवे जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या छह पर पहुंची। सभी को ट्रेन से उतारने के बाद राजेश अपने दादा को ट्रेन से उतार ही रहे थे कि ट्रेल चल पड़ी।
उतरने की अपाधापी के बीच पैर फिसल जाने से राजेश के दादा प्लेटफार्म से ट्रेन के नीचे चले गए। उन्हें बचाने के चक्कर में राजेश भी फिसल कर ट्रेन के नीचे गिर पड़ा। यह देख प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में चीख पुकार मच गई। तभी एक यात्री ने तत्काल ट्रेन की चेन खींचकर उसे रोक दिया। तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। दादा पोते को तत्काल पटरी से बाहर निकालकर सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां दोनों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें हायर मेडिकल सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर हरिनाथ प्रसाद ने बताया कि मामूली चोट आई हैं। समय रहते दोनों लोगों को बचा लिया गया है।