एसडीएम के निर्देश पर पहुंची राजस्व टीम ने कराया अतिक्रमण मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवतीपुर। शासन के निर्देश पर भू-माफियाओं के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई जारी है। शनिवार की देर शाम भिक्खीचौरा गांव में दबंगों द्वारा भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तैनात रही।
करीब साढ़े तीन बिस्वा जमीन पर तीन दशक से गांव के कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया था। एसडीएम के आदेश पर पहुंची राजस्व कर्मियों की टीम ने उस जमीन की पैमाइश कर चारों तरफ सरकारी पिलर लगाकर गांव सभा की जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया।
राजस्व टीम ने लोगों को चेताया कि ग्राम सभा की किसी भी जमीन पर अतिक्रमण किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर ऐसा करने की शिकायत मिली तो इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के दौरान लोगों की भीड़ लगी रही।
क्षेत्रीय लेखपाल लक्ष्मी यादव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भिक्खीचौरा निवासी अंगद राम ने एसडीएम पोर्टल पर शिकायत किया था कि गांव सभा की जमीन पर कुछ लोगों ने करीब तीन दशक से अवैध तरीके से अतिक्रमण किया है। जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए गुहार लगाई थी।
इसके बाद एसडीएम ने जांच के बाद मामला सही पाए जाने पर इसे गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय लेखपाल की टीम गठित कर जमीन की पैमाइश कर उसे कब्जा मुक्त कराने का निर्देश दिया था। लेखपाल ने बताया कि इसके बाद निर्देश के क्रम में पैमाइश कराकर उसके चारों तरफ सरकारी पिलर लगा दिया गया है। कार्रवाई की रिपोर्ट महकमे के उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।