पुलिस लाइन सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल ग्राम पहरी। स्रोत- पुलिस विभाग
गाजीपुर। जिले के गांवों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाले 400 ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशस्तरीय ग्राम प्रहरी सम्मान समारोह कार्यक्रम में मानदेय में 40 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की।
इससे प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण से जिले के करीब 400 ग्राम प्रहरी ऑनलाइन जुड़े। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ.राकेश कुमार मिश्रा मौजूद रहे।
अधिकारियों ने मानदेय वृद्धि पर ग्राम प्रहरियों को बधाई देते हुए कहा कि वे गांवों की सुरक्षा में निष्ठा और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाते आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में ग्राम प्रहरी के रिक्त पदों को जल्द भरने और उनके सामाजिक एवं स्वास्थ्य कल्याण को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। संवाद