करीमुद्दीनपुर। क्षेत्र के पातेपुर गांव में लगे एकमात्र सरकारी नलकूप का ट्रांसफार्मर एक माह से जला हुआ है। इससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी देने के बाद भी किसी स्तर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में राजकीय नलकूपों की स्थापना कराई गई है। देखरेख के अभाव में कई जगहों पर लगे इन नलकूपों का लाभ किसानों को नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के ग्रामसभा पातेपुर में लगा राजकीय नलकूप का ट्रांसफार्मर एक महीने से जला है। पूरे गांव में यही एक सरकारी नलकूप है और कृषि के अधिकांश रकबा की सिंचाई इसी नलकूप से की जाती है। आठ जुलाई को नलकूप संख्या-62 वाईजी पातेपुर का ट्रांसफार्मर जल गया। इसकी सूचना सिंचाई विभाग को दूरभाष तथा विद्युत विभाग को टोल-फ्री नंबर पर प्रेषित की गई। त्वरित ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन मिला लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।