प्रदेश सरकार माध्यमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने की दिशा में प्रयासरत है। बेटियों को शिक्षित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बालिका शिक्षा के लिए प्रदेश में पांच सौ विद्यालय खोले गए हैं। एक महिला के शिक्षित होने पर
परिवार, समाज और देश शिक्षित होगा और तरक्की होगी। ये बातेें माध्यमिक शिक्षा मंत्री बलराम यादव ने दिलदारनगर स्थित एसकेवीएम कालेज के वार्षिकोत्सव में बुधवार को कहीं। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के खेल मैदान और कक्ष भवन का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि पूर्वजों का सपना शिक्षा का अलख जगाने का था और यही सोच कर उन्होंने विद्यालयों और विश्वविद्यालयों की स्थापना की थी। वे अमीर नहीं थे बल्कि निरंतर प्रयास और सहयोग से उन्होंने विद्यालय खोला था।
ऐसे लोगों ने राष्ट्र के निर्माण के लिए शिक्षा को गति दिया। कहा कि पहले बेटियों को शिक्षा से दूर रखा जाता रहा जिसके चलते समाज को गति नहीं मिल सकी। बेटियां शिक्षित होंगी तभी देश तरक्की करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता
कर रहे पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा की शिक्षा के क्षेत्र में इस इलाके की पहचान रही है। यहां होनहारों की कमी नहीं है। कहा कि शिक्षा के विकास के लिए वह हरसंभव सहायता देंगे।
विद्यालय के प्रबंधक गुलाम मजहर खां ने दोनों मंत्रियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी डॉ प्रदीप सिंह, मंजूलता, मन्नू सिंह, रितेश सिंह, डॉ. विरेंद्र यादव, प्रेमचंद्र, गोपाल यादव,
रणजीत यादव, आसिफ खां, अहद खां, जमालुद्दीन खां मौजूद रहे।