गाजीपुर। जमानिया से सपा विधायक ओमप्रकाश सिंह ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पंचायत चुनाव, बिजली व्यवस्था और गैस आपूर्ति जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए। बुधवार को जिला पंचायत के सभागार में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार समाजवादियों के डर से पंचायत चुनाव कराने से बच रही है और ग्राम प्रधानों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है।
उन्होंने 16वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के फंड में बढ़ोतरी की मांग की। बिजली विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। रसोई गैस आपूर्ति को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर स्थिति अलग है। साथ ही सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधते हुए उन्हें राजनीति में अप्रासंगिक बताया। सपा विधायक ने भाजपा सरकार को लेकर कहा कि मौजूदा नीतियां लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रही हैं।