खानपुर। क्षेत्र में इशोपुर स्थित रामकरन स्मृति स्थल एवं जिला पंचायत सदस्य कमलेश राय के आवास पर शनिवार को एशियन गोल्ड मेडल विजेता आकाश यादव का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कुवैत में आयोजित चौथे यूथ एशियन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता आकाश यादव ने 19.37 मीटर गोला फेंक विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया है। पूर्व एमएलसी विजय यादव ने कहा कि देश के युवाओं में खेल के प्रति रुझान बढ़ा है। गाजीपुर एथलेटिक के लिए यह पहला अवसर है। जब कोई एथलीट यूथ एशियन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गाजीपुर जिले के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त किया है। स्वर्ण पदक विजेता एथलीट आकाश यादव ने कहा कि युवा अपने ऊर्जा एकल खेल प्रतिस्पर्धाओं में लगाएं। पहले दौर में पिछड़ने के बाद राष्ट्रीय अस्मिता का ख्याल आते ही जोश को दुगना किया और सफलता हासिल किया। युवा वर्ग नशे से दूर रहकर खेलकूद को प्राथमिकता के आधार पर अपने जीवन का लक्ष्य बनाएं। इस मौके पर पूर्व एथलीट काशीनाथ यादव, डॉ. जय यादव, रामजीत यादव, राजेश पाल, गोविंद यादव, वंशीधर यादव, जितेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।