नेशनल इंटर कॉलेज में सांसद निधि से बने जननायक चंद्रशेखर व्याख्यान कक्ष का लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
कासिमाबाद। राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि कड़ी मेहनत से ही लक्ष्य प्राप्त होता है। इसके लिए छात्र-छात्राओं में जुनून होना चाहिए। यह बातें सोमवार को नेशनल इंटर कॉलेज में अपनी निधि से जननायक चंद्रशेखर व्याख्यान कक्ष के निर्माण के बाद लोकार्पण करने के बाद उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा से हम सब कुछ प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर का उदाहरण देते हुए बताया कि एक छोटे से गांव में जन्म लेने के बाद उन्होंने आठ किलोमीटर पैदल चलकर शिक्षा ग्रहण किया। उन्होंने ठान लिया था कि मैं अगर कोई पद लूंगा तो देश के प्रधानमंत्री का पद लूंगा और उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से उस पद को प्राप्त किया।
इसलिए लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें और उसे प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने भाला फेंक में नीरज चोपड़ा द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि आज एक गांव का लड़का अपनी कड़ी मेहनत से विश्व में चर्चा का विषय बना हुआ है। नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि आज अपनी कड़ी मेहनत से देश के प्रधानमंत्री के पद पर पहुंचे हैं।
नेशनल इंटर कॉलेज की भूमि पर अतिक्रमण पर उन्होंने लोगों से अपील किया कि विद्यालय जन सहयोग से चलता है। इस तरह के घृणित कार्य नहीं होने चाहिए। विद्यालय परिवार को बलिया के सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त की ओर से दी गई 25 लाख रुपये की सांसद निधि से हो रहे बाउंड्री वॉल के निर्माण में अगर धन की कमी पड़ती है तो धन देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज का मैदान यहां के नौजवानों का भविष्य है। इसको बचाना हम सब का काम है। इसके लिए उन्होंने हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक कालीचरण राजभर, पूर्व प्रमुख देवेंद्र सिंह, नरेंद्रनाथ सिंह, जितेंद्रनाथ पांडेय, मंडल अध्यक्ष शशिप्रकाश सिंह, संतोष गुप्ता, मनोज गुप्ता, धर्मेंद्रनाथ राय, अरविंद सिंह, योगेंद्रनाथ सिंह, सर्वेश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता मनोज सिंह एवं संचालन कमलेश कुमार पांडेय ने किया। अंत में प्रधानाचार्य दिनेश सिंह ने सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
0000
इनसेट
बनकर रहेगा एप्रोच मार्ग
कासिमाबाद। राज्यसभा के सांसद नीरज शेखर ने जननायक चंद्रशेखर व्याख्यान कक्ष के लोकार्पण समारोह में यहां के लोगों को आश्वस्त कराया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर कासिमाबाद में एप्रोच मार्ग बनकर रहेगा। यहां एप्रोच मार्ग बनने से बलिया, देवरिया के साथ सिवान (बिहार) के लोगों को चढ़ने और उतरने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण काम का बहुत जल्द शुभारंभ होगा। बताया कि इसके लिए यूपीआईडी के अधिकारियों से बात चल रही है और शीघ्र ही अनुमति मिलने वाली है।