गाजीपुर। जिला उद्योग केंद्र पर महीने के तीसरे शुक्रवार को उद्यमी दिवस पर उद्यमियों की बैठक हुई। इसमें उद्यमियों की समस्याओं और सुझाव के साथ अगले साल फरवरी में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर चर्चा की गई। बैठक में मौजूद 10 उद्यमियों ने जनपद में 57.3 करोड़ निवेश का प्रस्ताव दिया। हालांकि, जनपद में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 200 करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य है। बाकी के निवेश की संभावना प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी), उद्यान विभाग, बैंकों से एमएसएमई और पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के जरिए होने की है।
जनपद में उद्योग के लिए मिलने वाले प्रस्तावों के आधार पर उद्यमियों के साथ एक समझौता (एमओयू) किया जाएगा। इसके बाद उद्योगों की स्थापना के लिए जिला प्रशासन और उद्योग विभाग अनुकूल माहौल, सुविधा और सुरक्षा देने के साथ अन्य विभागों से एनओसी उपलब्ध कराएगा। इससे सुगमता से जिले में निवेश और उसकी स्थापना कराई जाएगी। ताकि स्थानीय स्तर पर औद्योगिक उत्पादन बढ़ाने के साथ रोजगार को बढ़ाया जा सके।
विभाग की मानें तो शुरुआती 10 उद्यमियों के प्रस्तावों में से एक निवेशक को जापान से भी संस्थागत निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसमें एक निवेशक के निवेश में 10 फीसदी जापानी निवेश की संभावना है। आगे और भी विदेशी निवेश मिलने की संभावना व्यक्त की गई है। जिन निवेशकों की ओर से प्रस्ताव मिला है। उसमें पैकेजिंग ड्रिंकिंग वाटर प्लांट, प्रोफाइल सीट और कांटा मशीन, चावल, ब्रान का तेल, दाल मिल, पावर क्राफ्ट जागरी प्लांट, पफ एंड कचरी (स्नैक्स) , बेकरी उद्योग, माइक्रोनी पाश्ता और मैगी (नूडल्स) के लिए प्रस्ताव है।