राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज की छात्राओं की आपत्तिजनक फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला
-शिकायत करने वाले छात्राओं ने लिखित बयान देने से किया इंकार, मौखिक दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पढ़ने वाली एक छात्रा और एक छात्र द्वारा छात्राओं की आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला प्रकाश में आने के बाद हड़कंप मच गया है। शनिवार को करीब पांच घंटे तक एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार, सीओ सिटी गौरव कुमार और महिला पुलिस के साथ जांच-पड़ताल की। अधिकारियों ने बंद कमरे में कॉलेज की छात्राओं और आरोपी छात्र-छात्रा से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार शिकायत करने वाली छात्राओं ने लिखित तौर पर कुछ भी देने से इंकार कर दिया। हालांकि मौखिक रूप से बयान दर्ज कराया। आरोपी छात्र-छात्रा की मोबाइल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। जरूरत पड़ने पर फॉरेंसिक टीम की मदद से मोबाइल को खंगाला जाएगा।
कॉलेज की बीएचएमएस के प्रथम वर्ष की करीब 20-21 छात्राओं ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए आरोप लगाया था कि बीएचएमएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा, द्वितीय वर्ष के एक छात्र से बातचीत करती थी। छात्र के कहने पर वह वीडियो कॉल पर सभी छात्राओं की तस्वीर दिखाती है। यहीं नहीं छात्राओं की निजी जानकारी भी भेजती है। आपत्तिजनक वीडियो और फोटो भी बनाकर भेजती है। बात न मानने पर फोन पर धमकियां भी दी जाती थीं ।
पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर काॅलेज प्रशासन ने छात्र और छात्रा को तत्काल प्रभाव से छह माह के लिए निलंबित कर दिया। साथ ही तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच भी शुरू कर दी। उधर, एसपी ओमवीर सिंह ने एसपी सिटी से पूरे प्रकरण की जांच करने को आदेश दिया। शनिवार को एसपी सिटी सुबह दस बजे सीओ सिटी गौरव कुमार और महिला पुलिस के साथ मेडिकल काॅलेज पहुंचे और पूरे प्रकरण की जांच की।
इस दौरान बंद कमरे में शिकायत करने वाली सभी छात्राओं से पूछताछ की गई। अधिकारियों के मुताबिक छात्राओं ने कुछ भी लिखित देने से इंकार कर दिया। हालांकि मौखिक मौखिक तौर पर अपनी बात रखीं। जांच टीम ने आरोपी छात्र और छात्रा को भी बुलाया और दोनों से अलग-अलग पूछताछ किया। पुलिस टीम ने कालेज प्रशासन से भी घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। जांच टीम अपराह्न तीन बजे वापस लौटी। जांच अधिकारियों का कहना था कि अभी तक कहीं कुछ नहीं मिला है। शिकायत करने वाली छात्राओं ने भी लिखित तौर पर कुछ भी देने से इंकार कर दिया है।
-
..तो शक के आधार पर की शिकायत
जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी छात्रा शिकायत दर्ज कराने वाली एक लड़की की रूम मेट है। वह लड़के से बातचीत करती थी। ऐसे में उसे शक हुआ कि वो छात्रा की आपत्तिजनक हरकत की। इसी शक में उसने शिकायत दर्ज कराई। हालांकि जांच टीम को अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।
एसपी सिटी ने छात्राओं और संबंधित लोगों से पूछताछ की है। अभी तक कहीं कुछ सामने नहीं आया है। हालांकि एसपी सिटी जांच करने के बाद पूरी रिपोर्ट देंगे, जिसके आधार पर दोषी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-ओमवीर सिंह, एसपी
-
कभी नहीं हुई थी इस तरह की घटना
गाजीपुर। शहर के रौजा स्थित राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को स्थापित हुए 1962 में हुई। लेकिन, कभी भी किसी तरह की घटनाओं से वास्ता नहीं रहा। बीएचएमएस प्रथम वर्ष की एक छात्रा और द्वितीय वर्ष के एक छात्र पर आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बनाने के आरोप से कालेज प्रशासन को सकते में डाल दिया है। काॅलेज के पास अपना छात्रावास न होने की स्थिति में नए छात्र-छात्राओं के प्रवेश दाखिले के समय सहायता के दौरान नंबर लेकर इस तरह के कुकृत्य को अंजाम देने का आरोप लगा। हालांकि काॅलेज प्रशासन भी कमेटी बनाकर अपने स्तर से जांच कर रहा है।