गाजीपुर। शहर कोतवाली के एक गांव में परिजनों के साथ किराये के मकान में रह रही बालिका के साथ दुष्कर्म का मामला मंगलवार को प्रकाश में आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के साथ उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज 100 बेड के महिला अस्पताल भेज दिया। इधर आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पुलिस विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
बिरनो थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार के साथ शहर कोतवाली के एक गांव स्थित मकान में किराये पर करीब छह-सात महीने से रह रहे थे। सोमवार की शाम एक किशोर ने बालिका के साथ दुष्कर्म जैसे घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। खून से लथपथ बालिका को देख परिजनों के होश उड़ गए। परिजन पीड़िता को लेकर पुलिस के उच्चाधिकारी के पास पहुंचे। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज के 100 बेड के महिला अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों द्वारा पीड़िता का उपचार किया गया। इधर पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। इस संबंध में कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच और उपचार के लिए भेजा गया है।