गाजीपुर। लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर मंगलवार को महिला स्कूटी रैली निकाली गई। स्कूटी रैली में महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान एक जून को शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की गई। स्कूटी रैली नगर के विभिन्न मार्गों से निकली। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी की ओर से मतदान को लेकर शपथ दिलाई गई। साथ ही गुब्बारा उड़ाकर मतदान करने का संदेश दिया। स्कूटी रैली नगर के महुआबाग से होते हुए विशेश्वरगंज, लंका तिराहा, प्रकाश नगर, आरटीआई चौराहा, विकास भवन चौराहा होते हुए रायफल क्लब परिसर पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान मतदान संबंधित नारा लगाकर मतदाताओं को जागरूक किया गया। इसके पूर्व पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने नगर के महुआबाग स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, उप जिलाधिकारी सदर प्रखर उत्तम, जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी सुभाषचंद्र सरोज आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रमों का आयोजन
गाजीपुर। मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत चुनावी पाठशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक-नुक्कड़, चित्रकला, मेहंदी प्रतियोगिता का आदि का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में इन कार्यक्रमों का आयोजन मंगलवार को राजकीय हाईस्कूल रेवतीपुर, राजकीय हाईस्कूल बिरनो, आर्दश इंटर कॉलेज आदि में किया गया। संवाद