संवाद न्यूज एजेंसी
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सड़क राज्य परिवहन निगम के 50 वर्ष पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने परिवहन निगम को होली के पर्व से पहले नई बसों की सौगात दी है। जिसमें एक राजधानी और दूसरा साधारण के नाम से बसों का संचालन गाजीपुर से लखनऊ व कानपुर तक किया जाएगा।
इन दो नई बसों के जिले के बेड़े में शामिल होने से यात्री परिवहन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। मालूम हो कि राजधानी बस का संचालन छह मार्च को सोमवार की सुबह से गाजीपुर से वाया आजमगढ़ एक्सप्रेस-वे होकर लखनऊ तक जाएगी। जबकि एक अन्य नई बस का भी संचालन गाजीपुर से लखनऊ तक किया जाएगा।
ऐसे में अब दो नई बसें शामिल होने के बाद कुल रोडवेज बसों की संख्या कुल 66 हो गई है। मालूम हो कि इसके पहले बेड़े में कुल 75 बसें थी, लेकिन जर्जर व उम्र पूरा करने के बाद उन्हें बेड़े से हटा दिया गया। इस संबंध में एआरएम वी के पांडेय ने बताया कि शासन से दो नई बसें मिली है जो लखनऊ तक चलेंगी। सोमवार की सुबह से इनका परिचालन किया जाएगा।