खानपुर थानाक्षेत्र के सिधौना बाजार के पास ट्रेन से कटकर वृद्ध किसान की मौत के बाद तफ्तीश करती पुल
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
खानपुर संवाददाता के अनुसार, सिधौना गांव निवासी किसान श्यामलाल राम (65) बाजार स्थित रेलवे लाइन किनारे घूम रहे थे। बलिया- वाराणसी सिटी पैसेंजर ट्रेन को आता देख वह दौड़कर ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि वह पारिवारिक कलह के कारण काफी परेशान था। घटना की जानकारी होने पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दिलदारनगर संवाददाता के अनुसार, दोपहर में बाजार का रेलवे फाटक बंद था और हावड़ा/देहरादून एक्सप्रेस आ रही थी। इसी बीच अचानक एक 75 वर्षीय वृद्ध ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी कटकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त अमौरा गांव निवासी जगदीश कुशवाहा के रूप में की। परिजनों के आने पर टीम ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।