Ghazipur News : लाखों की चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर मरदह थाने की पुलिस भी पहुंच गई। चोर दीवाल फांदकर घर में घुसे थे। लगभग 19 लाख की चोरी का मामला है। पुलिस पड़ताल कर रही है।
गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र के बोगना गांव में बीती रात को चोरी की घटना प्रकाश में आई। पीड़ित के मुताबिक चोरों ने साढ़े चार लाख रुपये नकदी समेत 15 लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
विज्ञापन
बोगना में किराना व्यवसायी आनंद कन्नौजिया का आवास है। अनुमान है कि रात में किसी समय चोर चहारदीवारी फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। घर में रखे साढ़े चार लाख रुपये नकदी, सोने की तीन चेन, सोने की चार चूड़ी, कान की एक बाली, छह झुमका, सोने के तीन लाकेट, तीन मंगलसूत्र, सोने का एक हार, सोने का टप्स, चांदी की पैजनी सहित कई आभूषणों को चुरा लिया।
पीड़ित के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये हैं। अगले दिन सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पाकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मकान से 500 मीटर की दूरी पर खेत में दो बक्शे टूटी हुई अवस्था में मिले।
विज्ञापन
पीड़ित ने बताया कि छोटी बहन की शादी के लिए रुपये व आभूषण रखे गए थे। 112 नंबर पर चोरी की सूचना दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई। थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।