गाजीपुर: एशियन गेम्स का स्वर्ण लेकर घर लौटे राजकुमार, अब ओलंपिक गोल्ड पर नजर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एशियन गेम्स में भारतीय हॉकी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने के बाद गाजीपुर के खिलाड़ी राजकुमार पाल मंगलवार को घर लौटे। उनके स्वागत के लिए औड़िहार से करमपुर तक बड़ी संख्या में लोग जुटे। औड़िहार रेलवे स्टेशन पर ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वाहनों के काफिले के साथ उन्हें मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम करमपुर ले जाया गया।
स्टेडियम में तालियों से हुआ स्वागत
मेघबरन सिंह हॉकी स्टेडियम में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने तालियों और नारों के साथ राजकुमार का स्वागत किया। एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने मलेशिया को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। उस समय इसी स्टेडियम में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने टीवी स्क्रीन पर मैच देखा था और जीत के बाद जमकर जश्न मनाया था।
मंगलवार को उसी स्टेडियम में स्वर्ण पदक विजेता राजकुमार की मौजूदगी से खुशी और बढ़ गई। व्यवस्थापक अनिकेत सिंह ने राजकुमार की मां मनराजी देवी और भाभी नीलम पाल को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
इस दौरान विपुल चौबे, कोच इंद्रदेव राजभर, पूजा सिंह, ध्रुव सिंह, मनोज सिंह, दीपक सिंह, छांगुर सिंह, आशुतोष सिंह, शुभम पांडेय, राहुल पांडेय, सौम्य प्रकाश बरनवाल और अनुराग सिंह समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।