गाजीपुर। कश्मीर से कन्या कुमारी तक की साइकिल यात्रा कर लौटे दो सौ सदस्यों का रविवार को गाजीपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर स्वागत किया गया। टीम ने देश भर में पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए करीब 75 सौ किलोमीटर की साइकिल यात्रा 30 जनवरी को कन्याकुमारी में पूरा की। यह साइकिल यात्रा सत्यदेव ग्रुप आफ कालेज बोरसिया के प्रबंध निदेशक डा. सानंद सिंह के संयोजन में निकाली गई थी। निदेशक डा. प्रीति सिंह ने सभी सदस्यों का माल्यार्पण करके स्वागत किया।
इसी क्रम में कालेज के सभागार में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक ने कहा कि आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प ने इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाया है। बताया कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक 7500 किलोमीटर की यह साइकिल यात्रा दो अक्तूबर 2019 को जम्मू में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी चौक से प्रारंभ हुई। जम्मू, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल आदि राज्यों के गांव, शहर में लोगों से मिलकर पर्यावरण के प्रति जागरुक किया गया। कन्याकुमारी में स्वामी विवेकानंद केंद्र पर 30 जनवरी को एक कार्यक्रम कर इसका समापन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्वामी विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की ज्वाइंट सेक्रेटरी रेखा ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक काम है जिसकी जितनी सराहना की जाय वह कम है। निदेशक डा. प्रीति सिंह ने कहा कि देश की जनता को पर्यावरण के प्रति जागरुक करने के लिए यह कार्यक्रम चलाया गया। अध्यक्षता मैनेजिंग ट्रस्टी सावित्री सिंह ने की। इस मौके पर दिग्विजय उपाध्याय, डा. तेजप्रताप सिंह, दिनेश यादव, नवनीत वर्मा, इंद्रजीत यादव, रजत मंडल, अनुज सिंह, केएन उपाध्याय, श्यामदेव बिंद, गोविंद यादव, रामजी गिरी, सुनील राय, प्रभाकर त्रिपाठी, जनार्दन साहनी आदि उपस्थित थे।