गाजीपुर। विश्व मधुमेह दिवस पर गुरुवार को सीएमओ कार्यालय में एक कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इसके मुख्य अतिथि सीएमओ डा. जीसी मौर्या होंगे। इस रोग की जागरुकता के लिए सभी सीएचसी और पीएचसी पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिले में मधुमेह से पीड़ितों की संख्या करीब 35 फीसदी है जिसमें महिलाओं की संख्या 15 फीसदी और पुरुषों की संख्या 20 फीसदी है।
मधुमेह दिवस पर जिले में जागरूकता पैदा करने के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। स्वास्थ्य महकमे की ओर से सीएमओ कार्यालय में डायबिटीज-डे के दिन कार्यशाला का आयोजन किया गया है। सीएचसी एवं पीएचसी पर मधुमेह पर गोष्ठी का आयोजन कर इस रोग के बारे में विस्तार से चर्चा की जाएगी। उधर जिला अस्पताल में भी गोष्ठी का आयोजन किया गया है जिसमें मरीजों की नि:शुल्क जांच कर उन्हें संबंधित दवाएं दी जाएंगी। डायबिटीज की बीमारी से बड़ी संख्या में लोग पीड़ित हो रहे हैं। इसकी रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता आवश्यक है। जिले में मधुमेह के रोगियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पहले यह रोग 40 वर्ष से ऊपर के लोगों को होता था, लेकिन अब 25 वर्ष के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। कम उम्र के रोगियों की संख्या करीब 20 फीसदी तक है। चिकित्सकों के मुताबिक आज के परिवेश में रासायनिक खाद के प्रयोग, आराम तलब रहन-सहन और दैनिक जीवन की भागदौड़ और तनाव इस रोग का प्रमुख कारण हैं। इससे बचाव के लिए समय रहते मेहनत, व्यायाम, योग के साथ ही संतुलित भोजन करना आवश्यक है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आरके सिन्हा ने बताया कि जिले में मधुमेह के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।