सुहवल। यूपी-बिहार को जोड़ने वाला सबसे महत्वपूर्ण हमीद सेतु के मरम्मत का कार्य लंबे इंतजार के बाद बुधवार को शुरू कर दिया गया। इसके मद्देनजर पुल से वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। पुल मरम्मत से क्षेत्रीय लोगों में खुशी व्याप्त है। गुजरात से आए इंजीनियर तथा मजदूर सुबह से ही स्पैन लिफ्टिंग के काम में जुट गए हैं। उधर जिला प्रशासन के आदेश पर पुल का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इससे राहगीरों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने से दोपहर बाद जाम काफी बढ़ गया था। जाम का दबाव देखते हुए अधिकारियों को कुछ देर के लिए दो पहिया वाहनों को जाने की इजाजत देनी पड़ी। यह हालात आने वाले दस दिन तक बने रहेंगे। पुल मरम्मत तक लोगों को परेशानियां भी झेलनी होगी। मरम्मत के बाद इस पुल पर हर प्रकार के वाहनों का आवागमन सुचारू कर दिया जाएगा।
जनपद की अति महत्वपूर्ण हमीद सेतु पर बुधवार को मरम्मत का कार्य सुबह से ही शुरू हो गया है। इंजीनियरों की देख-रेख में हाईड्रोलिक प्रेशर जैक के सहारे पुल के पूर्वी तरफ स्पैन लिफ्टिंग का काम सफलता पूर्वक किया गया है। पुल के जर्जर रोलर बेयरिंग को निकालने के बाद बेस पर कंक्रीट की पेडिस्टल कास्टिंग का काम शुरू हो गया है। इसके बाद प्लेट नुमा बेयरिंग को शिफ्टिंग किया जाएगा।
करीब सात माह पहले पुल के पिलर संख्या एक और दो के मध्य ज्वाइंटर नंबर चार की रोलर बेयरिंग खिसकने का मामला सामने आया था। मरम्मत के लिए गुजरात से इंजीनियर बुलाए गए थे। लेकिन कई सप्ताह इंतजार के बाद भी वाहनों के डायवर्जन की अनुमति जिला प्रशासन से नहीं मिल सकी थी और काम अधर में लटक गया था। बुधवार को उस पार सुखदेवपुर चौराहा एवं सुहवल थाना क्षेत्र के कालूपुर एवं मेदनीपुर तिराहे पर बैरिकेटिंग कर वाहनों को रोक दिया गया। पुल के बंद कर दिए जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लंबा जाम और लोगों की परेशानी को देखते हुए सदर उपजिलाधिकारी ने रुक-रुक कर दो पहिया वाहनों को जाने के लिए कुछ देर तक इजाजत दे दिया। अब लोगों को विकल्प के रुप में जमानियां-धरम्मरपुर पुल से होकर गुुुजरना पड़ रहा है। जिलाप्रशासन ने पुल के दोनों तरफ भारी पुलिस बल के साथ ही करीब आधा दर्जन थानों की ड्यूटी लगाई है। हमीद सेतु को लेकर प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा, उपनिरीक्षक बलवंत यादव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, रजागंज चौकी प्रभारी आदि की अपने-अपने क्षेत्रों में तैनाती कर दी गई है।