औड़िहार/भीमापार (गाजीपुर)। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के तरवनिया गांव में गुरुवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश एक अभिकर्ता से डेढ़ लाख की छिनैती कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखा।
भीमापार गांव निवासी रामदुलार समूह कुशवाहा अभिकर्ता है। लेन-देन करने के लिए गुरुवार को दिन में करीब 12 बजे सैदपुर नगर में स्थित बैंक आफ बड़ौदा बैंक में पहुंचा। डेढ़ लाख निकालने के बाद उसे बैग में रख लिया और कंधे पर लटकाकर बाइक से घर लौट रहा था। इस बीच कोतवाली से एक किलोमीटर दूर सैदपुर-भीमापार मार्ग पर स्थित तरवनिया गांव के पास दिन में करीब साढ़े 12 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक को रोक लिया। जब तक रामदुलार कुछ समझ पाता, तब बदमाशों जबरदस्ती रुपया से भरा बैग छीन लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पीड़ित से पूछताछ के बाद संबंधित मार्गों पर वाहन चेकिंग करना शुरु किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामबहादुर सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल किया। इसके बाद बैंक में पहुंचे। यहां सीसीटीवी कैमरा का फुटेज देखा और पीड़ित से उसमें नजर आने वालों की पहचान कराई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डा. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है। बहुत जल्द ही बदमाशों की गिरफ्तारी कर मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।