दिलदारनगर। गुरुवार की सुबह स्थानीय रेलवे स्टेशन क्रासिंग के पास गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
गुरुवार को करीब आठ बजे गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर यात्रा कर रहा एक यात्री रेलवे स्टेशन क्रासिंग के पास ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना जीआरपी को दी। कुछ ही देर में जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में घायल को एक निजी अस्पताल में ले गई, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान राजस्थान के जोधपुर बायल निवासी कानाराम (24) पुत्र बाबूलाल के रूप में हुई। इस संबंध में जीआरपी चौकी इंचार्ज दिलीप सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को सुरक्षित रख परिवार वालों का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने पर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।