दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के उसिया गांव के समीप मंगलवार को पोखरे में नहाते समय एक किशोर अचानक डूब गया। इसकी सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग पोखरे के पास इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों की मदद से किसी तरह पोखरे से शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
उसिया निवासी आदित्य पाल (14) पुत्र कृष्णा पाल गांव के पंचायत भवन के पास साथियों के साथ पोखरे में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में डूबने लगा। उसे डूबता देख अन्य किशोर शोर मचाने लगे। युवकों की आवाज सुनकर आस- पास के लोग पोखरे में कूद गए और उसे बचाने का प्रयास किया। जब तक लोग उसे बचा पाते किशोर गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी होते ही गांव के लोगों की भीड़ वहां जुट गई। परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए। इस बीच गांव के लोगों ने किशोर को बाहर निकाला और एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिए। उधर मौत के बाद जहां गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं घर में रुदन-क्रंदन जारी है।