घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। शनिवार की सुबह कासिमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र बेचू चौहान ने पुलिस को तहरीर दी है।
परिजनों के अनुसार, शिवशंकर के दो पुत्र हैं। इनमें एक पुत्र बाहर रहकर निजी नौकरी करता है, जबकि बेचू गांव में ही रहता है। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। वृद्ध की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
इस घटना ने एक बार फिर छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि गांवों में सांड और अन्य छुट्टा पशु खुलेआम घूमते रहते हैं। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही राहगीरों और बुजुर्गों पर हमले का खतरा भी बना रहता है। कई बार लोग इन पशुओं के हमले में घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने और गांवों को इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सांड के हमले से वृद्ध की मौत हुई है। पुत्र की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।