Ghazipur News: गाजीपुर जिले में नाबालिग लड़की की मौत के मामले में सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में युवती की मौत के मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कथित रूप से भ्रामक और तथ्यहीन टिप्पणी करना राजनीतिक दलों के आधिकारिक अकाउंट्स को महंगा पड़ गया। पुलिस ने इस मामले में रविवार की देर शाम कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
अपर पुलिस अधीक्षक सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया, बीते 15 अप्रैल को जमानियां क्षेत्र के धरम्मरपुर पुल के पास एक युवती की चप्पल, मोबाइल और गमछा बरामद हुआ था। बाद में युवती का शव नदी में मिला। परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। 19 अप्रैल को मृतका के पिता सियाराम की तहरीर पर करंडा थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिओम पांडेय निवासी कटरिया को बड़सरा बाईपास, आरीपुर पहाड़पुर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एएसपी सिटी ने बताया कि इसी बीच कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मीडिया सेल ने अपने-अपने एक्स अकाउंट से इस घटना को लेकर भ्रामक और गलत टिप्पणियां पोस्ट कीं, जिससे गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया। उन्होंने ने बताया कि करंडा पुलिस ने इस संबंध में कांग्रेस और सपा मीडिया सेल के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। उनका कहना है कि मामले में विधिक कार्रवाई जारी है और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।