कार और टोटो की टक्कर के बाद खाई में पलटे दोनों वाहन
मरदह। गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर नरवर गांव के सामने बरम बाबा मंदिर के पास बुधवार दोपहर करीब एक बजे कार और टोटो में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर करीब आठ फीट गहरी खाई में पलट गए। हादसे में कई लोग घायल हो गए।
कार चालक शादियाबाद निवासी पंकज चौहान ने बताया कि वह अपने पिता रामजन्म और पड़ोसी रामदरश को दवा दिलाने के लिए मऊ गए थे। इसी दौरान मरदह निवासी गुलशन राजभर टोटो पर लोहे का एंगल लादकर गलत दिशा में मरदह बाईपास की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मऊ जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसा देखकर बाइक सवार भी गिरा
कार और टोटो की टक्कर देखकर मऊ के बढ़ुआ गोदाम निवासी अजीत चौहान भी बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गए। हादसे में उनका एक पैर टूट गया। मरदह थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अजीत को उपचार के लिए मऊ जिला अस्पताल भेजा गया है।