बलरामपुर। पहले दिन दो लीग मैच खेले गए। मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी करमपुर गाजीपुर व नागपुर हॉकी एकेडमी की टीम ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। गाजीपुर के नीरज यादव व बलरामपुर टीम के खिलाड़ी अली रसूल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मुकाबला रवि रोशन हॉकी एकेडमी पटना व मेघबरन सिंह हॉकी एकेडमी करमपुर गाजीपुर की टीमों के बीच खेला गया।
गाजीपुर की टीम ने आठ गोल व एक पेनाल्टी काॅर्नर से गोल करके 9-2 के भारी अंतर से मैच जीत लिया। तीन गोल नीरज यादव ने किए। दूसरा मैच नागपुर एकेडमी नागपुर व नवाब इलेवन बलरामपुर के बीच खेला गया।
बलरामपुर की टीम ने मैच के सातवें मिनट में गोल करके पहले हाफ तक बढ़त बनाई रखी। दूसरे हाफ में नागपुर एकेडमी की टीम ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन करते हुए 35वें व 48वें मिनट में गोल करके 2-1 से मैच जीत लिया।