मुहम्मदाबाद। सिविल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद के अध्यक्ष एवं सचिव पद के लिए सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में काफी गहमागहमी के बीच मतदान हुआ। मतदान के बाद मतों की गणना कराई गई। इसके बाद घोषित नतीजों के अनुसार अध्यक्ष पद पर परमानंद चौधरी एवं सचिव पद पर अवधेश कुमार श्रीवास्तव निर्वाचित घोषित हुए।
सिविल बार एसोसिएशन मुहम्मदाबाद के वर्ष 2020 के लिए पदाधिकारियों के चुनाव में चार पदों पर पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका था। वहीं अध्यक्ष एवं सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशी होने के कारण गुप्त मतदान कराया गया। कुल 225 अधिवक्ता मतदाताओं में से 209 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद पर परमानंद चौधरी को 110 एवं जावेद अहमद खां को 97 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार परमानंद 13 मतों से विजयी घोषित किए गए। सचिव पद पर अवधेश कुमार श्रीवास्तव को 154 एवं महेश कुमार तिवारी को 54 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार अवधेश कुमार श्रीवास्तव 100 मतों के अंतर से सचिव निर्वाचित घोषित किए गए। इसके अलावा भरत राय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रामजी प्रसाद गुप्ता उपाध्यक्ष, अमरजीत यादव कनिष्ठ उपाध्यक्ष एवं राधेश्याम राय सहसचिव निर्विरोध घोषित किए जा चुके हैं। निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्रनाथ सिंह की देखरेख में चुनाव की पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। परिणाम की घोषणा होते ही निर्वाचित पदाधिकारियों के समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। निर्वाचित अध्यक्ष परमानंद चौधरी ने मतदाताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि जिस आशा एवं विश्वास के साथ अधिवक्ताओं ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। वह सिविल बार की गरिमा पर कोई आंच नहीं आने देंगे।