शादियाबाद। पुलिस ने रविवार की देर रात नवापुरा स्थित एक बागीचे में छापा मारकर एक ट्रक से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग करते समय चालक एवं खलासी को पकड़ लिया। पुलिस ट्रक पर गैस से भरे सिलेंडरों को थाना ले आई।
भुड़कुड़ा सीओ कुलभूषण ओझा को मुखबिर से सूचना मिली कि नवापुरा के पास बागीचे में ट्रक पर रखे सिलेंडर से रिफिलिंग का काम किया जा रहा है। इस सूचना पर सीओ के साथ पुलिस फोर्स देर रात बागीचे में पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर वहां ट्रक पर रिफिलिंग का काम चल रहा था। पुलिस ने चालक जंगीपुर थाना के नसीरपुर निवासी अवधेश यादव तथा खलासी बाबतपुर निवासी बच्चेलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रक से 296 गैस सिलेंडर एवं खाली छोटे सिलेंडर में भरने का उपकरण बरामद कर लिया। पुलिस सिलेंडर भरे ट्रक सहित चालक एवं खलासी को थाना ले आई। इस संबंध में सीओ कूलभूषण ओझा ने बताया कि सप्लाई इंस्पेक्टर द्वारा मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सप्लाई इंस्पेक्टर ने बताया गैस सिलेंडरों को भीखा साहब गैस एजेंसी में भेज दिया गया है। इस मामले में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।