दारुनपुर के पास बुधवार की सुबह पौने नौ बजे यात्रियों से भरी निजी बस के पलटने से हेड कांस्टेबल समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई। सैदपुर के नायब तहसीलदार डीएन गौतम समेत 24 से अधिक यात्री घायल हो गए। छह घायलों को
वाराणसी रेफर कर दिया गया। लंका बस स्टैंड से बुधवार की सुबह 7.40 बजे यात्रियों को लेकर निजी बस वाराणसी रवाना हुई। सैदपुर के दारुनपुर के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिला पंचायत सदस्य सईद खां ने अपनी
जेसीबी से बस सीधा करवाया। इसके बाद ग्रामीणों ने यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना पर सैदपुर एवं नंदगंज थाना पुलिस पहुंची। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। जहां नोनहरा थाना में हेड कांस्टेबल के पद पर
तैनात इलाहाबाद के सोरांव थाने के बेनी के पुरा निवासी राजकुमार यादव (45), चंदौली जिले के बलुआ थाने के रामगढ़ निवासी कलावती देवी (55) और नंदगंज थाने के किशोहरी निवासी सुखी (3) की मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री
घायल हो गए। उन्हें सैदपुर सीएचसी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों में तेजबहादुर, धनकेशरी, कौशल्या, ओमप्रकाश भारती, शशिकांत यादव और एक अन्य को वाराणसी रेफर कर दिया गया। उपजिलाधिकारी भानुप्रताप सिंह एवं एसपी सिटी लल्लन राय ने चिकित्सा व्यवस्था का जायजा लिया।
ये लोग हुए घायल
पहाड़पुर निवासी ज्ञानचंद्र (50), जमील अहमद (25), शिवबचन यादव (60), इनकी पुत्री सुशील (26), सैदपुर के नायब तहसीलदार डीएन गौतम (50), सौरम के सब्बीर अब्बास (24), बभनौली की धन्नी देवी (32), सिहोरी के अमरनाथ राम
(45), सबुआ के राजकिशोर (45), रामगढ़ के महेंद्र प्रसाद (60), सहेड़ी के लालबहादुर (45), गरथौली के राधेश्याम कुशवाहा, भैरोपुर के जितेंद्र कुमार, दारुनपुर के रमाशंकर यादव एवं उनकी पत्नी मंजू यादव और बेटी रोली तथा गीता, तलवल के तेजबहादुर, धनकेशरी, कौशल्या, ओमप्रकाश भारती, शशिकांत।