गाजीपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के युवराजपुर गांव में शनिवार की सुबह रस्सी के सहारे डीजे संचालक का शव लटकता मिला। पुलिस के मुताबिक शराब पीने को लेकर पिता ने फटकार लगाई थी। इससे क्षुब्ध होकर उसने खुदकुशी कर ली। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। युवराजपुर गांव निवासी दीपक कुशवाहा (20) मांगलिक कार्यक्रमों में डीजे और रोड लाइट का काम करता था। शुक्रवार की रात घर पर खाना खाने के बाद घर से कुछ दूरी पर खेत में बने डेरे पर सोने चला गया। सुबह डेरे पर पहुंचे पिता दिनेश कुशवाहा ने इकलौते बेटे का शव आम के पेड़ से लटकता देखा। उनके शोर सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल दीनदयाल पांडेय ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतक शराब पीता था। इसे लेकर उसके पिता ने फटकार लगा दी थी, जिससे नाराज होकर उसने आत्महत्या कर ली।