दुल्लहपुर। क्षेत्र के अमारी रेलवे क्रासिंग शुक्रवार को दोपहर में करीब एक बजे बंद नहीं थी। जिससे दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली 12165 डाउन एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस होम सिग्नल पर खड़ी रही। गेटमैन शौच करने गया था। जिससे रेलवे के अधिकारियों-कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
क्षेत्र के अमारी रेलवे क्रासिंग पर दोपहर में वाराणसी से गोरखपुर जा रही 12165 डाउन एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस जखनिया स्टेशन के बाद दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी। लेकिन, अमारी रेलवे क्रासिंग बंद नहीं होने के कारण उसको होम सिग्नल पर खड़ा होना पड़ा। खड़ी ट्रेन को देखकर गेटमैन दौड़कर आया और रेलवे फाटक को बंद किया। तब तक दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन से अन्य कर्मचारी भी रेलवे गेट पर पहुंच गए। मालूम हो कि अमारी रेलवे क्राॅसिंग पर शौचालय नहीं होने के कारण कर्मचारियों को खुले में शौच जाना पड़ता है। रेलवे गेटमैन सुबोध ने बताया कि शौच के लिए गया था। इसी दौरान एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस आ गई। तुरंत आकर मैंने गेट को बंद किया। ट्रेन तीन मिनट तक पटरी पर रुकी रही। गेट बंद होने के बाद वह गोरखपुर के लिए रवाना हुई।