जखनियां। भुड़कुड़ा कोतवाली क्षेत्र के पनिक्सा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर की पाइप फटने से आग लग गई। आग की लपटों में सास-बहू घिर गई। उन्हें बाहर निकालने में पिता पुत्री सहित चार लोग झुलस गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालते हुए आग पर काबू पाया। झुलसे मां, बेटा और पत्नी को जिला अस्पताल लाया गया।
इलाके के पनिक्सा गांव निवासी दुर्गविजय पांडेय की पत्नी शार्मिला और उनकी पुत्र वधू वैजंती पांडेय बृहस्पतिवार की सुबह खाना बना रही थी। इस बीच गैस सिलेंडर का पाइप फटने से आग लग गई। आग में घिरकर सास-बहू चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर वैजंती का पति मनीष मनीष पांडेय और उसकी पांच वर्षीय पुत्री दौड़कर कमरे में पहुंचकर किसी तरह पत्नी और मां को बाहर निकाला। इस बीच मनीष, उसकी पत्नी वैजंती और मां शार्मिला गंभीर रूप से और बेटी अंशिका हल्के रूप से झुलस गई। जानकारी होते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद गैस सिलेंडर को बाहर निकाला और आग को बुझाया। झुलसे पति-पत्नी और मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनियां लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना 108 एम्बुलेंस को दी गई। बावजूद इसके घंटों बाद भी एंबुलेंस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। इससे झुलसे लोगों को निजी एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया।