अंतरराज्यीय दो हेरोइन तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज कर लिया। यह कार्रवाई कोतवाल अशेषनाथ सिंह की तहरीर पर हुई है। गैंग चार्ट बनाकर कार्रवाई की गई है। साथ ही दोनों की संपत्तियों को भी पुलिस खंगालने में जुटी हुई है।
कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने तहरीर देकर बताया कि गैंग लीडर बिहार प्रांत के भभुआ जनपद के मोहनियां थाना क्षेत्र स्थित कुर्रा गांव निवासी शुभम उर्फ राजू सिंह गिरोह का संचालन करता है। इस गिरोह का सक्रिय सदस्य बक्सर जनपद के रामपुर निवासी विनोद कुमार प्रजापति है।
दोनों गैंग बनाकर हेरोइन की तस्करी करते हैं। दोनों 670 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े गए थे, जो बिक्री के लिए ले जा रहे थे। इनके खिलाफ गत 11 जून 2024 को जमानिया में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की छानबीन में पता चला कि दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं।
इनके भय का आतंक इतना है कि कोई गवाही देने की साहस नहीं करता है। जमानत पर छूटने के बाद भी दोनों आरोपी पुन: हेरोइन की तस्कर करेंगे। इस गैंग के अपराधिक कृत्यों पर अंकुश लगाने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करना जरूरी है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल अशेषनाथ सिंह ने बताया कि दोनों शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ गैंगस्टर के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है