गाजीपुर। बीते 24 घंटे में गंगा के बढ़ाव में एक सेंटीमीटर की कमी आई है। इससे गंगा का बढ़ाव की रफ्तार धीमी हुई है। लेकिन, गंगा में बढ़ाव जारी है। दूसरी तरफ शनिवार को नगर के ददरी घाट के कच्चे हिस्से में कटान देखी गई। कटान के कारण पांच फीट मिट्टी गंगा में समाहित हो गई।
11 जुलाई को गंगा का जलस्तर तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था। गंगा का जलस्तर 58.990 मीटर था। 24 घंटे बाद गंगा का जलस्तर में बढ़ाव दो सेंटीमीटर प्रति घंटे दर्ज किया गया। जबकि जलस्तर 59.400 मीटर दर्ज किया गया। आंकड़ों की तुलना करें तो पता चलता है कि गंगा का जलस्तर 410 सेंटीमीटर 24 घंटे में बढ़ा। हालांकि गंगा का जलस्तर अभी भी चेतावनी बिंदु 61.550 मीटर से तीन मीटर नीचे बह रहा है। वहीं ददरीघाट के पास कच्चे घाट वाले हिस्से में अफीम फैक्ट्री के किनारे तटबंध बनाने को लेकर बोल्डर व मिट्टी गिराए गए थे। गंगा का जलस्तर बढ़ जाने के कारण बोल्डर पहले ही पानी में समाहित हो चुके हैं। अब मिट्टी में कटान शुरू हो गया है। यदि इसी तरह गंगा का जलस्तर बढ़ता रहा तो आने वाले दिनों में नगर के कच्चा गंगा घाटों पर कटान में तेजी देखने को मिलेगा।