श्रावण मास के पहले दिन शिवालयों में जलाभिषेक करने के लिए गंगा घाटों पर उमड़े कांवरियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख ददरीघाट और चीतनाथ घाटों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। रविवार को पूरे दिन पुलिस टीम और आला अधिकारी चक्रमण करते नजर आए।
शहर से 30 किलोमीटर दूर मरदह ब्लाक स्थित महाहर धाम में देवाधिदेव को जलाभिषेक करने के लिए आज सुबह से ही कांवरिया जल भरने के लिए गंगा घाट पर पहुंचना शुरू हो गए थे। कावरियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से घाट के किनारे पुलिस टीम तैनात की गई थी।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम के तहत शहर के ददरीघाट और चीतनाथ गंगा घाट पर तीन-तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। साथ ही घाटों पर गोताखोरों के साथ नावों पर भी पुलिस की तैनाती की गई है। महाहर धाम जाने वाली सड़क पर वाहनों के आवागमन पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने भी गंगा घाटों का निरीक्षण करने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया।