भारत भ्रमण पर निकले 16 सदस्यीय सैलानियों की टीम ने सोमवार सुबह कलेक्टर घाट पर उम्मीद संस्था की ओर से की गई गंगा आरती में हिस्सा लिया। पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान संस्था की ओर से की जा रही सफाई में भी हाथ बंटाया। संस्था के सदस्यों की ओर से किए गए स्वागत से सैलानी अभिभूत दिखे। इसके बाद सैलालियों ने प्रथम प्रशासक लार्ड कार्नवालिस का मकबरा देखा। यहां से सैलानियों को सड़क मार्ग से वाराणसी भेजा गया। ओसोम से यात्रा पर निकला राजमहल क्रूज कलेक्टर घाट के सामने बीच गंगा में पानी कम होने की वजह से दो दिनों से रुका हुआ है।
विदेशी सैलानी सोमवार सुबह क्रूज से उतर कर नाव से कलेक्टर घाट पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत सैलानियों ने झाड़ू लगाकर गंगा घाट की सफाई की। क्रूज से भारत भ्रमण के लिए आस्ट्रेलिया, अमेरिका, इंग्लैण्ड, ब्राजील तथा ब्रिटेन के 16 पर्यटक आए हुए हैं। इस अवसर पर उम्मीद परिवार के निर्देशक सिद्धार्थ राय ने बताया कि संस्थान के सभी युवा सदस्यों का प्रयास रहेगा कि काशी की तरह से लहुरी काशी का नाम भी विदेशों तक पहुंचे। उन्होंने सैलानियों को जिले के गौरवशाली इतिहास के बारे में बताते हुए सभी को सम्मान पत्र और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर रम्भा राय, अंकुर प्रकाश, सूर्य प्रकाश राय, अभिनव आदि रहे।