सामान्य एवं अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के गरीब परिवार के लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें बिटिया की शादी के लिए दोगुनी अनुदान राशि मिलेगी। परिवार में अधिकतम दो पुत्रियों के विवाह के लिए मदद मिलेगी। इसके लिए अनुदान प्रक्रिया आनलाइन कर दी गई है।
सामान्य एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के परिवारों के लिए यह योजना समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित है। इस योजना के तहत पहले दस हजार रुपये का अनुदान मिलता था। लेकिन अब सरकार ने इसे बढ़ाकर दोगुना यानी 20 हजार कर दिया है।
पति की मृत्यु के बाद निराश्रित महिला अथववा विकलांग आवेदक को वरीयता में रखा गया है। आवेदन में पुत्री की आयु शादी की तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक होनी जरूरी है। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह प्रक्रिया चालू माह से शुरू कर दी गई है।
आवेदन शादी की तिथि से 90 दिन पहले तथा 90 दिन बाद तक करना अनिवार्य होगा। आवेदन स्वीकृत होनेपर धनराशि सीबीएस खाते में सीधे भेजी जाएगी। इस संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीनानाथ राम ने बताया कि जिलास्तरीय समिति अनुदान की स्वीकृति देगी।