बरेसर थानाक्षेत्र के अमवां बंधा पर मंगलवार की सुबह चार बाइकों पर सवार आठ लुटेरों ने दिनदहाड़े फल की दुकान पर तोड़फोड़ की और 11 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। फायरिंग की घटना से दुकानदार भयभीत हो गए।
बलिया जिले के बेसवान गांव निवासी शोभनाथ निषाद अपने परिवार के साथ अमवां बंधा पर फल की दुकान चलाते हैं। सुबह करीब आठ बजे दुकान पर चार बाइकों पर सवार आठ लुटेरे पहुंचे और दुकान पर रखे फल को फेंकने लगे। लुटेरे दुकान पर रखी कुर्सी और ठेला तोड़ने लगे। साथ ही बिक्री के 11 हजार 200 रुपये लूट लिए। इसके बाद फायरिंग करते हुए दुकानदार को चेताया कि अगर कोई कार्रवाई करोगे तो इसका अंजाम खराब होगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष बरेसर संतोष कुमार पाठक ने बताया कि लूट नहीं हुई है। फायरिंग की गई है। पुलिस छानबीन कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है।