आवास योजना के नाम पर महिला से आठ हजार रुपये ठगा
आवास योजना के नाम पर महिला से आठ हजार रुपये ठगा
संवाद न्यूज एजेंसी
गहमर। थाना क्षेत्र के कारोबिर रोइनी गांव में एक महिला से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर आठ हजार रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है।
कारोबिर रोइनी गांव निवासी सुशीला देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए उसे पहली किस्त जारी हुई थी। अभी दूसरी किस्त आनी शेष थी। करीब एक सप्ताह पूर्व दो युवक बाइक से आए और बताया कि वे भदौरा ब्लाक से आए हैं। बताया कि आवास योजना की उसकी दूसरी किस्त के 70 हजार रुपये आ गए है।
अगर वह 10 हजार रुपये देंगी, तो तत्काल उसके खाते में 80 हजार रुपये चले जाएंगे। पीड़ित महिला सुशीला ने उन लोगों को आठ हजार रुपये दिए। खेतों से काम करके जब परिवार के लोग घर आए और पीड़िता ने उनको यह जानकारी दी तो उनको ठगी का एहसास हुआ।
वहीं ग्रामीणों का कहना था कि बिना ब्लाक के कर्मचारियों की मिलीभगत से यह कैसे हो सकता है। ऐसे ही दो माह पूर्व गहमर में एक युवक के साथ ऐसी ही घटना हुई थी, करीब 49 हजार रुपये ठग लिए गए थे। इस संबंध में ग्राम प्रधान भोला यादव ने बताया कि उनको आवास योजना का लाभ दिया गया था। इस तरह की घटना ठीक नहीं है।