एसओजी एवं दुल्लहपुर थाने की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार की रात धर्मागतपुर नहर तिराहे के पास से चार लुटेरों को धर-दबोचा। इनके पास से चार तमंचे, छह कारतूस, दो खोखे, चोरी की एक मोबाइल, दो बाइक एवं 58,870 रुपये नकदी बरामद हुई। लुटेरों ने चार दिन पूर्व एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी का लूटा था। शुक्रवार को एसपी ओमवीर सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान लूटकांड का पर्दाफाश किया।
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के राजगीर पुलिया के पास से पांच दिसंबर की रात एक फाइनेंस कर्मी को लूटकर बाइक सवार नकाबपोश लुटेरे फरार हो गए थे। एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि लुटेरों को दबोचने के लिए थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मलेठी तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रामाश्रय राय टीम साथ मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर टीम बद्दोपुर पुलिया से नहर की पटरी पकड़कर छपरी की तरफ जाने लगी। धर्मागतपुर नहर तिराहा के पास सामने की तरफ से दो बाइक आती दिखाई पड़ी। पुलिस को देखकर एक लुटेरे पर पुलिस कर्मियों को लक्ष्य कर फायर कर दिया।
गोली दुल्लहपुर थानाध्यक्ष के कान के पास से और कांस्टेबल रोहित सिंह के दाहिने तरफ से गुजर गई, दोनों लोग लुटेरे द्वारा की गई फायरिंग से बाल-बाल बच गए। लुटेरे पुलिस पर फायरिंग करते हुए बाइक घुमाकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस एवं एसओजी टीम ने उन्हें घेरकर दबोच लिया।
पूछताछ में लुटेरों ने अपना नाम छपरी निवासी राजा चौहान, शादियाबाद थाना क्षेत्र के इंद्रपुर छिड़ी विपिन पाल, भुड़कुड़ा कोतवाली के महार बुजुर्ग निवासी अभिषेक यादव और इंद्रपुर छिड़ी निवासी गुलशन शर्मा बताया। इनके पास से तमंचा, कारतूस, खोखा, दो बाइक, चोरी की मोबाइल और नकदी बरामद किया गया।
लुटेरों ने बताया कि पांच लोगों का एक ग्रुप है, जिसमें अभिषेक यादव, विपिन पाल, गुलशन शर्मा, विशाल यादव हैं। बीते पांच दिसंबर को राजगीर पुलिया के पास लुटेरे अभिषेक यादव और विपिन पाल ने मिलकर एक फाइनेंस कर्मी से रुपये से भरा बैग लूटा था। इसके बहरियाबाद थाना क्षेत्र में सोने की चेन लूटने की वारदात को अंजाम दिया गया था। पूछताछ के बाद चारों लुटेरों का चालान कर दिया गया।
कई मुकदमे हैं दर्ज
गाजीपुर। लूट की वारदात को अंजाम देने वाले अभिषेक यादव पर भुड़कुड़ा, दुल्लहपुर, बहरियाबाद थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज है। लुटेरा विपिन पाल के खिलाफ नगसर, शादियाबाद, दुल्लहपुर, बहरियाबाद और गुलशन शर्मा के खिलाफ शादियाबाद और दुल्लहपुर थाने में मुकदमा दर्ज है। जबकि लुटेरा विशाल यादव को दुल्लहपुर पुलिस ने गिरफ्तार जेल भेजा गया था, जो जमानत पर बाहर था। विशाल यादव के खिलाफ दुल्लहपुर,बिरनो, बहरियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज है।